NationalUttarakhand

ऋषिकेश स्थित दयानंद आश्रम पंहुचे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा

ऋषिकेश। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान व खिलाड़ी विराट कोहली और उनकी पत्नी फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा सोमवार को ऋषिकेश पहुंचे। यहां वे शीशमझाड़ी स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुरु स्वामी दयानंद सरस्वती के आश्रम पहुंचे।

यहां विराट कोहली ने पत्नी और अपनी माता सरोज कोहली के साथ स्वामी दयानंद सरस्वती के समाधि स्थल के दर्शन किए। इस दौरान विराट कोहली ने समाधि स्थल पर 20 मिनट का ध्यान भी लगाया। बता दें कि स्वामी दयानंद आश्रम में इससे पहले सुपरस्टार रजनीकांत समेत कई अभिनेता और राजनीति से जुड़े लोग भी समाधि स्थल के दर्शन के लिए आ चुके हैं।

सोमवार सुबह विराट कोहली परिवार के साथ ऋषिकेश से सटे यमकेश्वर क्षेत्र के एक रिजॉर्ट में पहुंचे। उनके पहुंचने की किसी को खबर नहीं लगी। शाम को विराट, अनुष्का शर्मा और सरोज कोहली ने दयानंद आश्रम पहुंचकर आश्रम के अध्यक्ष स्वामी साक्षातकृता नंद का आशीर्वाद लिया।

इसके बाद विराट ने परिवार सहित आश्रम स्थित भगवान शिव के मंदिर के दर्शन और पूजा अर्चना की। शाम को परिवार ने घाट पर सांध्यकालीन गंगा आरती भी की। शाम को विराट ने परिवार के साथ आश्रम में ही सात्विक भोजन किया।

आश्रम के प्रबंधक गुणानंद रयाल ने बताया कि विराट उनकी पत्नी और मां आश्रम आए हैं। उन्होंने बताया कि परिवार आश्रम में ही रात्रि प्रवास करेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विराट कोहली और उनका परिवार विशेष अनुष्ठान में भाग लेने के लिए आश्रम पहुंचे हैं।

बता दें कि हाल ही में विराट और अनुष्का बाबा नैनीताल में नीम करौरी बाबा के दर्शन के लिए भी पहुंचे थे। तब उन्होंने यहां काफी समय बिताया था। विराट ने हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की थी। तब मंदिर में दर्शन के लिए आए भक्तों के साथ ही उन्होंने भी पूजा अर्चना की थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button